अंबेडकर नगर। भाजपा के प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल के जनपद आगमन पर कार्यकर्ताओं का उत्साह शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बन गया। सोमवार की दोपहर बाद प्रदेश महामंत्री के अकबरपुर पुरानी तहसील पहुंचने पर स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर पर भाजपा का झंडा लगाकर उसे तीन रास्तों के बीच खड़ा कर दिया। इससे आवागमन बाधित हो गया और देखते ही देखते शहर के प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया।
करीब एक घंटे से अधिक समय तक शहर जाम से जूझता रहा। जाम में सैकड़ों चारपहिया और हजारों दोपहिया वाहन फंसे रहे। मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। उधर, भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश महामंत्री के स्वागत में जुटे रहे, जबकि आम लोग घंटों जाम में परेशान होते रहे।
जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि यातायात पुलिस को व्यवस्था संभालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिसकर्मियों ने वाहनों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन भारी भीड़ के कारण यातायात सामान्य होने में करीब दो घंटे लग गए। इसके बाद धीरे-धीरे वाहनों का आवागमन सुचारु हो सका।