जलालपुर, अंबेडकर नगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के बड़ेपुर गांव स्थित मदीना मस्जिद के मदरसे में एक मौलाना द्वारा छात्र से सिर की मालिश कराए जाने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में जिला अल्पसंख्यक विभाग ने संज्ञान लिया है। जिला अल्पसंख्यक अधिकारी सुनीता चौरसिया ने मामले की जांच कराकर संबंधित मौलाना के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
जिला अल्पसंख्यक अधिकारी सुनीता चौरसिया के अनुसार, उन्हें इस मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच कराई जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विदित हो कि बड़ेपुर गांव स्थित मदीना मस्जिद के मदरसे से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसमें कथित तौर पर एक मौलाना छात्र से सिर की मालिश कराते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले में छात्र के परिजनों द्वारा सम्मनपुर थाने में शिकायत दिए जाने की बात भी सामने आई है।