अंबेडकर नगर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज के राजकीय नर्सिंग कॉलेज में शुक्रवार को दीप प्रज्वलन एवं लैम्प लाइटिंग समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान नर्सिंग छात्रों को सेवा, करुणा और समर्पण की भावना के साथ मरीजों की देखभाल करने का संदेश दिया गया।
समारोह में नर्सिंग कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. भास्करा राज, नोडल अधिकारी डॉ. मनोज गुप्ता, उपप्रधानाचार्य डॉ. उमेश वर्मा और सीएमएस डॉ. बृजेश सिंह मौजूद रहे। अतिथियों ने नर्सिंग पेशे के प्रतीक लैम्प छात्रों को सौंपे।
अपने संबोधन में प्राचार्य ने कहा कि नर्सिंग सेवा त्याग, करुणा और समर्पण का प्रतीक है। लैम्प का प्रकाश मरीजों के जीवन में आशा की किरण लेकर आता है। नर्सिंग छात्रों को भविष्य में इसी भावना के साथ मरीजों की सेवा करनी चाहिए और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक, नर्सिंग स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।