Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर टौंस नदी पर पुल डूबा तो प्रशासन ने शुरू कराई नाव, ग्रामीणों...

टौंस नदी पर पुल डूबा तो प्रशासन ने शुरू कराई नाव, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

0

जलालपुर अम्बेडकर नगर। टौंस नदी का जलस्तर बढ़ने से विकासखंड भियांव के ग्राम सभा लखमीपुर पुरवा कर्मुल्लाहपुर में आवागमन के लिए बना लकड़ी का पुल जलमग्न हो गया। इससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और किसानों का आवागमन बाधित हो गया था। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने तत्काल नाव की व्यवस्था कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई।

लकड़ी का पुल डूबने के कारण ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए करीब पांच से छह किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी। इससे बच्चों की पढ़ाई और किसानों के दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाव उपलब्ध कराने की मांग की थी।

मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तहसील टांडा से नाव मंगवाकर गुरुवार को ग्राम सभा लखमीपुर पुरवा कर्मुल्लाहपुर में संचालित करा दी। नाव शुरू होने से ग्रामीणों का आवागमन फिर से सुचारु हो गया है।

अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह ने बताया कि नाव की व्यवस्था से स्कूली बच्चों समेत सभी ग्रामीणों को नदी पार करने में सुविधा मिलेगी और उन्हें अनावश्यक अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र की लगातार निगरानी रखने तथा बरसात के दौरान जनसामान्य की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान संबंधित लेखपाल एवं अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version