◆ ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में बोले—अयोध्या में हर घर तक पहुंचेगा सरयू जल, निगम क्षेत्र का तेजी से हो रहा है विकास
◆ प्रेस क्लब में एसी लगवाने व शीतल जल की व्यवस्था करने का महापौर ने किया वादा
अयोध्या। ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि धार्मिक नगरी में श्रद्धालुओं को पानी खरीदकर पीना सामाजिक रूप से उचित नहीं है। नगर निगम का प्रयास है कि यहां आने वाले किसी भी व्यक्ति को पानी खरीदना न पड़े। उन्होंने बताया कि भविष्य में प्रत्येक घर तक सरयू जल की आपूर्ति पेयजल के रूप में सुनिश्चित करने की योजना है। महानगर के छह वार्डों में अगले तीन वर्षों तक 24 घंटे जलापूर्ति लागू करने पर काम चल रहा है। इससे पूर्व प्रेस क्लब में पत्रकारों ने महापौर का स्वागत किया।
महापौर ने बताया कि शहर में 90 से अधिक वाटर कूलर व वाटर कियोस्क स्थापित किए गए हैं, साथ ही सैकड़ों इंडिया मार्का टू हैंडपंप लगाए गए हैं। घर-घर जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बस अड्डे के पीछे 500 लोगों के रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है, जबकि हनुमानगढ़ी के सामने छाजन निर्माण पर्यटन विभाग के सहयोग से कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बनवीरपुर, पलिया शाहबदी और गद्दोपुर में जल निकासी के लिए पंप व नालों का निर्माण हुआ है, जिससे जलभराव की समस्या में कमी आई है। बीते तीन वर्षों में 235 सड़कों का निर्माण कराया गया है, जबकि 46 करोड़ रुपये की लागत से 90 और सड़कों को स्वीकृति मिली है। प्रत्येक वार्ड में एक करोड़ से अधिक और विस्तारीकरण क्षेत्र के वार्डों में करीब पांच करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। 500 किलोमीटर सीवर लाइन और पेयजल पाइपलाइन का कार्य प्रगति पर है। साथ ही 12 करोड़ रुपये की सोलर लाइट व्यवस्था जल्द शुरू होने की बात कही गई।
नामकरणवअन्ययोजनाएं
महापौर ने बताया कि अखंडता चौक का निर्माण कराया गया है। बाबा पागल दास के नाम पर मृदंग तिराहा स्थापित किया जाएगा। लेफ्टिनेंट शशांक त्रिपाठी के नाम पर कल्याण मंडपम और देवकाली बाईपास तिराहे का नामकरण कारगिल शहीद जगदंबा पांडे के नाम पर किया गया है। चौक व रामनगरी में विशाल राष्ट्रीय ध्वज लगाए जाने की योजना है। पुष्पराज चौराहे पर अशफाकउल्ला खान की प्रतिमा पर छतरी लगाने का आश्वासन दिया गया। स्वतंत्रता सेनानी व सैनिक परिवारों के गृह व जलकर माफी का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
वेंडिंगजोनवसुविधाएं
लता चौक के पास फूड वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा, जहां पेयजल, सफाई व अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अन्य स्थानों पर भी वेंडिंग जोन बनाने का प्रस्ताव विचाराधीन है। शहर में लगे फव्वारों को चालू कराने के लिए जांच के निर्देश दिए गए हैं। सफाई, जल निकासी व प्रदूषण से जुड़ी शिकायतों पर भी कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
एसी लगवाने व शीतल जल की व्यवस्था करने का वादा
भीषण गर्मी को देखते हुए अध्यक्ष ने प्रेस क्लब में एसी व शीतल जल की व्यवस्था कराने की मांग रखी, जिस पर महापौर ने जल्द पूरा करने की घोषणा की । इस मौके पर प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह, सचिव जयप्रकाश सिंह पत्रकारों में त्रियुग नारायण तिवारी, आरके सिंह, सुमन गुप्ता, इंद्र भूषण पांडे, उग्रसेन मिश्रा, ओम प्रकाश सिंह, अमित कुमार मिश्रा, के के मिश्रा, चंद्र मोहन श्रीवास्तव, प्रदीप पाठक, सूर्य नारायण सिंह, अशोक तिवारी, करन प्रजापति, नरेंद्र मिश्रा, गुलजार खान, महेंद्र , शिवम, वैभव के साथ बडी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।