Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या ज्वेलर्स की बाइक छिनैती के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस के...

ज्वेलर्स की बाइक छिनैती के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली

0
ayodhya samachar

◆ नकाबपोश बदमाशों ने टक्कर मारकर गिराया, चेहरे पर पाउडर जैसा पदार्थ फेंककर बाइक लेकर हुए फरार


जलालपुर, अम्बेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के दिघौटा बाजार के समीप सोमवार देर शाम ज्वेलर्स की बाइक छिनैती के मामले में दूसरे दिन मंगलवार को भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा। घटना के बाद से पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। घटनास्थल के आसपास के इलाकों में जांच-पड़ताल करने के साथ ही बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलालपुर कस्बे के छाछू मोहल्ला निवासी ज्वेलर्स जगदंबा प्रसाद पांडेय सोमवार देर शाम अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दिघौटा बाजार से करीब एक किलोमीटर दूर दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने उनके चेहरे पर पाउडर जैसा कोई पदार्थ फेंक दिया और उनकी बाइक छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित के सामने अचानक मुश्किल खड़ी हो गई।

बताया जाता है कि छिनी गई बाइक की डिग्गी में दुकान की चाबी भी रखी हुई थी। ऐसे में बाइक के साथ दुकान की चाबी चले जाने से ज्वेलर्स की परेशानी और बढ़ गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। मंगलवार को भी पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में छानबीन करती रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बदमाशों के संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी थी।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि मामले में अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस अपने स्तर से घटना की जांच-पड़ताल कर रही है। उन्होंने जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है। अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में शामिल बदमाशों तक कब तक पहुंच पाती है और छिनी गई बाइक बरामद करने में कितनी जल्दी सफलता हासिल करती है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version