अयोध्या। राष्ट्रीय युवा उत्सव (कल्चरल ट्रैक) 2027 के तहत अयोध्या में 2 नवंबर को जनपद स्तरीय और 3 नवंबर को मंडल स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के संत कबीर प्रेक्षागृह में दोनों दिन सुबह 10 बजे से कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस वर्ष युवा उत्सव की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई है।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने बताया कि महानिदेशक प्रांतीय रक्षक दल, विकास दल एवं युवा कल्याण, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। जनपद स्तरीय युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवा प्रतिभाग कर सकेंगे, जो 17 अगस्त 2026 को निर्धारित आयु सीमा में हों और अयोध्या के निवासी हों अथवा जनपद में अध्ययनरत हों।
पांच विधाओं में दिखाएंगे प्रतिभा
युवा उत्सव में लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह), नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और कविता लेखन की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतिभागियों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की थीम को भी प्रदर्शित करना होगा।
मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में अयोध्या मंडल के अयोध्या, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर और अमेठी जनपदों के जनपद स्तरीय आयोजन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य
विभाग के अनुसार लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक जैसी सामूहिक विधाओं में एक दल में अधिकतम 10 प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। इनमें संगतकर्ता के रूप में अधिकतम तीन सदस्य शामिल किए जा सकते हैं, जिनकी आयु 29 वर्ष से अधिक और 40 वर्ष तक हो सकती है। संगतकर्ताओं सहित दल की कुल संख्या 10 से अधिक नहीं होनी चाहिए।