Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या महिला सफाई कर्मियों से रात आठ बजे के बाद नहीं लिया जाएगा...

महिला सफाई कर्मियों से रात आठ बजे के बाद नहीं लिया जाएगा काम, आयोग जारी करेगा आदेश

0

◆ राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मनोज कुमार वाल्मीकि ने सफाई कर्मियों की समस्याएं सुनीं, बीमा और मजदूरी भुगतान के मुद्दों पर कार्रवाई का भरोसा


अयोध्या। महिला सफाई कर्मियों से रात आठ बजे के बाद सफाई कार्य नहीं कराया जाएगा। इस संबंध में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग जल्द ही आदेश जारी करेगा। यह जानकारी मंगलवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान आयोग के सदस्य मनोज कुमार वाल्मीकि ने दी। उन्होंने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय से संबद्ध राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मनोज कुमार वाल्मीकि अयोध्या दौरे पर पहुंचे थे। उन्होंने श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन किया तथा सफाई कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी कार्य परिस्थितियों और समस्याओं की जानकारी ली।


बीमा, मजदूरी और बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा उठा


सफाई कर्मचारियों ने बीमा सुविधा, श्रम कानूनों के अनुरूप मजदूरी का भुगतान तथा विपरीत परिस्थितियों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए भोजन और पेयजल की उचित व्यवस्था जैसे मुद्दे उठाए। आयोग के सदस्य ने कहा कि इन समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी कार्य परिस्थितियों में सुधार आयोग की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि सफाई कार्य के दौरान महिला कर्मचारी के मार्ग दुर्घटना में घायल होने का मामला भी उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने पीड़ित कर्मचारी को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।


विकास के साथ सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा भी जरूरी


मनोज कुमार वाल्मीकि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परिकल्पना के अनुरूप अयोध्या का विकास हो रहा है। विकास कार्यों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना भी जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा, सुविधाओं और हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।

इससे पहले उन्होंने एयरपोर्ट परिसर में महाकवि वाल्मीकि की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। श्रीराम मंदिर परिसर स्थित वाल्मीकि मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान उन्होंने विशेष अनुभूति होने की बात कही।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version