HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरभव्य और सुरक्षित गोविन्द साहब मेले की तैयारियाँ तेज़, अधिकारियों ने की तैयारी बैठक एवं किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण
अंबेडकर नगर। पूर्वांचल के सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक गोविन्द साहब मेला की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी 29 एवं 30 नवंबर से प्रारंभ होने वाले इस एक माह लंबे मेले को भव्य और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए तीन नवंबर को निरीक्षण भवन गोविन्द साहब में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर एवं मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने की।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी आलापुर, क्षेत्राधिकारी आलापुर, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएँ — जैसे सफाई, रेन बसेरा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, फायर सेफ्टी, पार्किंग, चेंजिंग रूम, चिकित्सा सुविधा, खाद्य पदार्थ जांच, खोया पाया केंद्र आदि समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएँ।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र को सेक्टर एवं जोन में विभाजित कर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए तथा सफाई कर्मियों को यूनिफॉर्म में तैनात किया जाए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन व सुरक्षा पर विशेष बल देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने पार्किंग स्थलों पर रेट बोर्ड लगाने, सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेला क्षेत्र में प्राइवेट ड्रोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
लोक निर्माण विभाग एवं जिला पंचायत विभाग को सभी मार्गों की मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, जबकि विद्युत विभाग को अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने, जर्जर तारों की मरम्मत व विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
मेले की सुचारु रूप से संचालन के लिए मेला प्रारंभ होने से पांच दिन पूर्व सिंगल विंडो सिस्टम प्रारंभ किया जाएगा, जिससे परमिशन से संबंधित कार्य सरलता से संपन्न हो सकें।
बैठक के अंत में मेला समिति के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों से विगत मेलों से संबंधित फीडबैक लिया गया एवं आगामी मेले को और बेहतर ढंग से आयोजित करने के लिए उनके सुझावों को शामिल किया गया।
बैठक के उपरांत पुलिस अधीक्षक व मुख्य विकास अधिकारी ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, खंड विकास अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।