Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व की तैयारियों का जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने...

कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व की तैयारियों का जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

0

अंबेडकरनगर। बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपादन हेतु जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने सोमवार को जनपद के विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

अधिकारीद्वय ने तहसील आलापुर के चहोड़ा घाट व रामबाग घाट, तथा तहसील टांडा के महादेवा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सभी तैयारियाँ आज ही पूर्ण कर ली जाएँ, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की संभावना न रहे।

जिलाधिकारी ने घाटों पर जल सुरक्षा की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जल में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट, गोताखोर और नावें उपलब्ध रहें। उन्होंने घाट पर जल बैरिकेडिंग में मजबूत जाली लगाने के आदेश भी दिए।

इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने सभी घाटों पर उत्तम प्रकाश व्यवस्था, नियमित सफाई कार्य और फिसलन से बचाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के घाटों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालु सुविधाओं से जुड़ी सभी तैयारियाँ समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जैसे छठ पर्व के दौरान स्वच्छता एवं सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई थी, उसी प्रकार कार्तिक पूर्णिमा पर भी घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के अनुकूल बनाया जाए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने संबंधित पुलिस व प्रशासनिक टीमों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को हरसंभव सुविधा प्रदान की जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या भीड़भाड़ की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने सुरक्षा बलों को घाटों पर सघन निगरानी एवं सतर्क गश्त के निर्देश भी दिए।

जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे ये प्रयास यह सुनिश्चित करने के लिए हैं कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व श्रद्धा, आस्था और सुरक्षा के वातावरण में संपन्न हो।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version