Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर बारात में बवाल: मारपीट से मची अफरा-तफरी, दो हिरासत में

बारात में बवाल: मारपीट से मची अफरा-तफरी, दो हिरासत में

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अंबेडकर नगर। रविवार की रात मालीपुर रोड पर एक बारात उस समय रणक्षेत्र में बदल गई, जब दो पक्षों के बीच विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। करीब साढ़े दस बजे हुई इस घटना में लात-घूंसे, बेल्ट और ईंट-पत्थर चलने से अफरा-तफरी मच गई। बारात में शामिल लोग और राहगीर दहशत में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ नशे में धुत युवक एक किशोर की पिटाई कर रहे थे। जब आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि वीडियो बनाने की कोशिश कर रहे लोगों पर भी ईंट-पत्थर फेंके गए।

बताया जा रहा है कि कस्बे के एक मैरिज हॉल में बारात आई थी और द्वार पूजा के लिए बाराती निकले थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवकों के दो गुट आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस के सायरन का भी उपद्रवियों पर खास असर नहीं पड़ा, लेकिन पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए हालात को काबू में किया। मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। कोतवाल अजय प्रताप ने बताया कि मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version