Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर अवैध अल्ट्रासाउंड पर प्रशासन का शिकंजा, अथर्व स्कैन एण्ड लैब सील

अवैध अल्ट्रासाउंड पर प्रशासन का शिकंजा, अथर्व स्कैन एण्ड लैब सील

0

अंबेडकर नगर। जिले में अवैध तरीके से संचालित हो रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पहले नोटिस जारी किए गए और अब औचक निरीक्षण की कार्रवाई भी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित अथर्व स्कैन एण्ड लैब प्राइवेट लिमिटेड पर सदर एसडीएम प्रतीक्षा सिंह और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा।


अनाधिकृत डॉक्टर करता मिला अल्ट्रासाउंड


छापेमारी के दौरान जो डॉक्टर मौके पर मिला, वह पीसी-पीएनडीटी एक्ट के तहत पंजीकृत नहीं था। शुरू में उसने अल्ट्रासाउंड करने से साफ इनकार किया, लेकिन मौके पर मौजूद मरीजों ने बताया कि अल्ट्रासाउंड उसी ने किया है। जांच रिपोर्ट खंगालने पर भी पुष्टि हुई कि अल्ट्रासाउंड उसी व्यक्ति द्वारा कराया गया था।


सीसीटीवी फुटेज में छेड़छाड़, सहयोग से किया इंकार


जब टीम ने सीसीटीवी फुटेज देखने की कोशिश की तो पाया गया कि फुटेज में छेड़छाड़ की गई है। टीम की अगुवाई कर रहीं एसडीएम प्रतीक्षा सिंह ने बताया कि सेंटर के मालिक और मैनेजर ने जांच में कोई सहयोग नहीं किया। उल्टे टीम को दो घंटे तक इंतजार कराया गया। 17 अगस्त के बाद का फुटेज भी नहीं दिखाया गया।


अधिकृत डॉक्टर ने दे दिया था इस्तीफा


जांच में यह भी सामने आया कि सेंटर का अधिकृत डॉक्टर पहले ही इस्तीफा दे चुका था। उसके बाद से यहां अनाधिकृत व्यक्ति द्वारा अल्ट्रासाउंड कराए जा रहे थे। नियमों की खुली धज्जियां उड़ाने पर प्रशासन ने तत्काल सेंटर को सील कर दिया। सीसीटीवी से छेड़छाड़ करने वाले व्यक्ति का नाम नोट कर हार्ड डिस्क भी कब्जे में ले ली गई है।


डीएम को सौंपी जाएगी पूरी रिपोर्ट


एसडीएम ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी। डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग पहले ही जिले के तीन दर्जन से अधिक अल्ट्रासाउंड केंद्रों को नोटिस जारी कर चुका है। ताजा कार्रवाई के बाद जिले के सभी अल्ट्रासाउंड संचालकों में हड़कंप मच गया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version