Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर गुजरात में सड़क हादसे में आलापुर के युवक की मौत, गांव में...

गुजरात में सड़क हादसे में आलापुर के युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

0

आलापुर, अम्बेडकर नगर। आलापुर तहसील क्षेत्र के सेमरा टप्पा हवेली गांव निवासी एक युवक की गुजरात में सड़क हादसे के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, सेमरा टप्पा हवेली निवासी हिमांशु गुजरात राज्य के कच्छ शहर में नौकरी कर रहे थे। ड्यूटी के दौरान सड़क पार करते समय उन्हें एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

बताया जाता है कि हिमांशु दो भाइयों में सबसे छोटे थे। कुछ दिन पहले ही उनके बड़े भाई ने उन्हें नौकरी के लिए गुजरात बुलाया था। परिवार को उम्मीद थी कि हिमांशु के रोजगार से घर की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी, लेकिन अचानक हुई इस दुर्घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

हिमांशु के निधन की खबर गांव पहुंचते ही मातम छा गया। ग्रामीणों ने बताया कि वह बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव के युवक थे तथा गांव के लोगों के सुख-दुख में हमेशा बढ़-चढ़कर सहयोग करते थे। उनके असमय निधन से हर कोई स्तब्ध है।

नमो-नमो संगठन की प्रदेश अध्यक्ष मीना मिश्रा ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह गांव के लिए अत्यंत दुखद क्षण है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही गांव के एक अन्य युवक की रायपुर में सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। लोग अभी उस हादसे के सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि हिमांशु की आकस्मिक मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version