जलालपुर, अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के बंदीपुर गांव में छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई 64 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, बंदीपुर गांव निवासी बेला देवी (64) पत्नी विजय बहादुर राजभर छत पर धान सुखाने के लिए फैला रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में परिजन उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज टांडा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ लेकर जा रहे थे, तभी गुरुवार को रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतका के चार पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। बेला देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।