जलालपुर, अंबेडकर नगर। ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, ब्लॉक जलालपुर के पदाधिकारियों ने ग्राम रोजगार सेवकों की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर खंड विकास अधिकारी जलालपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा 17 नवंबर से घोषित अनिश्चितकालीन धरने की जानकारी देते हुए बताया गया कि विकासखंड जलालपुर के समस्त ग्राम रोजगार सेवक धरने में प्रतिभाग करेंगे और मांगों के निस्तारण तक कार्य बहिष्कार करेंगे।
ग्राम रोजगार सेवकों ने कैशलेस इलाज की सुविधा, बकाया मानदेय का भुगतान, ऐप के माध्यम से मानदेय में होने वाली कटौती समाप्त करने, मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह करने सहित विभिन्न मांगें उठाईं। इसके साथ ही ऑनलाइन उपस्थिति से संबंधित समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि ग्राम रोजगार सेवक लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण प्रदेश कार्यकारिणी ने अनिश्चितकालीन धरने का निर्णय लिया है। धरने को प्रधान संघ के अध्यक्ष ने भी समर्थन दिया है। उन्होंने मजदूरों की मजदूरी का भुगतान विलंब से होने की समस्या को भी उठाया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र कुमार, अमित कुमार, परशुराम, पूजा पटेल, रंभा देवी, कुशलावती, राजकुमार, विकास चौधरी समेत तमाम ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।