अयोध्या। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग, अयोध्या के तत्वाधान में रविवार को जनपद स्तरीय एक दिवसीय युवा उत्सव का आयोजन डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के संत कबीर सभागार में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अयोध्या वेद प्रकाश गुप्ता उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा राष्ट्र की ऊर्जा हैं। आज के युवा केवल प्रतियोगिताओं में ही नहीं, बल्कि तकनीक, कला, विज्ञान, खेल और संस्कृति में अपनी पहचान बना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं के लिए नए अवसर और मंच उपलब्ध हो रहे हैं। ऐसे कार्यक्रम प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। विधायक ने छात्रों द्वारा लगाई गई प्रर्दशनी का अवलोकन किया।
कार्यक्रम का संचालन देवेश मिश्रा ने किया तथा आयोजन की जिम्मेदारी रोशनी श्रीवास्तव के पास रही। जिला युवा कल्याण अधिकारी ऋषिपाल सिंह ने युवाओं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रचनात्मक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिताओं में समूह नृत्य, समूह गीत, पेंटिंग, डिक्लेमेशन, कहानी लेखन और कविता लेखन में प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. रचना श्रीवास्तव, डॉ. सरिता सिंह, डॉ. गरिमा सिंह और डॉ. निखिल सहित जूरी सदस्यों ने किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अभिषेक चौबे, मनोहर उपाध्याय, ललित तिवारी, राहुल सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को आगामी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया।