अयोध्या। मतदाता सूची को अद्यतन करने और पात्र नागरिकों को मतदाता बनने का अवसर उपलब्ध कराने के लिए शनिवार को जिले के सभी 2193 मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप आयोजित किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित कैंप में बूथ लेवल अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपस्थित रहे। इस दौरान नए मतदाताओं के पंजीकरण के साथ मतदाता सूची में संशोधन और नाम हटाने के लिए आवेदन प्राप्त किए गए।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित की।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सहादतगंज प्रथम स्थित मतदेय स्थल संख्या सात और आठ का निरीक्षण किया। यहां बीएलओ अरविंद कुमार और दिव्यांश गुप्त आवश्यक प्रपत्रों के साथ उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्धारित समय तक आने वाले सभी पात्र नागरिकों को फार्म उपलब्ध कराए जाएं और उन्हें भरने में भी सहयोग किया जाए।
9567 लोगोंनेनएपंजीकरणकेलिएकियाआवेदन
प्रशासन के अनुसार, 24 अक्टूबर को शाम सात बजे तक प्राप्त आवेदनों में फार्म-6 के 9567, फार्म-7 के 856 और फार्म-8 के 154 आवेदन शामिल हैं। इसके अलावा बीएलओ ने 53 डुप्लीकेट मतदाताओं को चिह्नित किया है।
फार्म-6 नए मतदाता के पंजीकरण, फार्म-7 मतदाता सूची से नाम हटाने तथा फार्म-8 मतदाता सूची में विवरण संशोधित करने या अन्य निर्धारित बदलावों के लिए उपयोग किया जाता है। विशेष कैंप का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।