अयोध्या। काशी–तमिल संगमम्-4 के तहत 04 से 17 दिसम्बर के बीच विभिन्न तिथियों (04, 06, 08, 10, 12, 14 और 16 दिसम्बर) को विशिष्ट अतिथियों का अयोध्या आगमन प्रस्तावित है। उनके स्वागत और भ्रमण को लेकर जिले में तैयारियाँ तेज हो गई हैं।
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने मंगलवार को श्रीराम ऑडिटोरियम (अंतरराष्ट्रीय बस स्टेशन के पीछे) का निरीक्षण कर स्थल की व्यवस्था और प्रबंधन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासनिक, पुलिस और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही बताया कि कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अतिथियों की आवाजाही पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अतिथि अयोध्या पहुंचकर पहले रामलला का दर्शन करेंगे। इसके बाद हनुमानगढ़ी, कनक भवन और राम की पैड़ी समेत अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। श्रीराम ऑडिटोरियम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में उन्हें उत्तर और दक्षिण भारतीय परंपरा की प्रस्तुतियाँ दिखाई जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के लिए पारंपरिक तरीके से स्वागत व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन ने कार्यक्रमों को सुचारू रूप से संचालित कराने के लिए मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और विभागीय कार्मिकों की ड्यूटी निर्धारित कर दी है।
जिलाधिकारी ने मंच, बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी, आपात व्यवस्थाओं और विभागीय समन्वय की जांच करते हुए अधिकारियों से निर्देश दिए कि निर्धारित तिथि से पहले सभी तैयारियाँ पूरी कर ली जाएं ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।