Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर सड़क हादसे में युवक की मौत, शव पहुंचते ही मचा कोहराम

सड़क हादसे में युवक की मौत, शव पहुंचते ही मचा कोहराम

0

आलापुर अंबेडकर नगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के सुजावलपुर गांव निवासी 38 वर्षीय विनय कुमार यादव का शव बुधवार दोपहर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और चार नाबालिग बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। हादसे में एक परिवार का सहारा छिन जाने से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

विनय कुमार यादव पुत्र डॉ. रामप्रताप यादव मंगलवार रात मदैनियां बाजार स्थित जनसेवा केंद्र से घर लौट रहे थे। बावली चौक से पहले सड़क पर एक मोड़ के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे। टक्कर में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। गंभीर चोट लगने के कारण विनय की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीनों युवकों का इलाज चल रहा है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे शव गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों लोग उमड़ पड़े। परिजनों की हालत देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।

विनय मदैनियां बाजार में जनसेवा केंद्र चलाते थे। उनके परिवार में आठ वर्ष का एक पुत्र और तीन छोटी बेटियां हैं। तारिक सिद्दीकी, दीपचंद मौर्य, रविंद्र यादव, ब्लूमिंग विद्यालय के प्रबंधक रमेशचंद्र गुप्ता, संरक्षक लालमणि गोंड, अमरजीत गोंड, सद्दाम और शशांकमणि समेत बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version