Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर संपर्क मार्ग निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप, पैर की ठोकर...

संपर्क मार्ग निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप, पैर की ठोकर से उखड़ने लगी गिट्टी

0

जलालपुर, अंबेडकर नगर। कर्बला कासिमपुर बाजार से गौरा मोहम्मदपुर गांव को जाने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सड़क की बदहाल निर्माण गुणवत्ता सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण में बेहद घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। सड़क पर डाली गई गिट्टी की स्थिति इतनी खराब है कि पैर की हल्की ठोकर लगते ही वह उखड़ने लगी है। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उसकी मजबूती को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शुरुआती चरण में ही सड़क की यह स्थिति है तो निर्माण पूरा होने के बाद उसकी मजबूती का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकारी धन से कराए जा रहे विकास कार्यों में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और मानक के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने की मांग की है।गांव निवासी संदीप, प्रदीप, अंकुश और संतोष सहित अन्य ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराकर दोषपूर्ण कार्य को दुरुस्त कराने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया तो वे संबंधित अधिकारियों से शिकायत करेंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version