Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर 33.91 लाख रुपये से बनेगा भव्य शौर्य स्थल, 18 शिलालेखों पर दर्ज...

33.91 लाख रुपये से बनेगा भव्य शौर्य स्थल, 18 शिलालेखों पर दर्ज होगा शहीदों का गौरवशाली इतिहास

0

अंबेडकर नगर। जनपद के वीर शहीदों की स्मृतियों को अक्षुण्ण रखने और भावी पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से अकबरपुर में भव्य शौर्य स्थल का निर्माण कराया जाएगा। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने नगर पालिका परिषद अकबरपुर की ओर से प्रस्तावित परियोजना को अनुमोदन प्रदान कर दिया है। साथ ही नगर पालिका को निविदा संबंधी प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

नगर पालिका परिषद अकबरपुर की ओर से राज्य वित्त आयोग मद से करीब 33.91 लाख रुपये की अनुमानित लागत से शौर्य स्थल विकसित किया जाएगा। इसके केंद्र में प्राकृतिक बलुआ पत्थर से निर्मित तीन मीटर तक ऊंचा आकर्षक स्मारकीय स्तंभ स्थापित होगा। यहां शहीदों के अमर बलिदान के प्रतीक के रूप में अमर ज्योति की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

परियोजना के तहत जनपद के शहीदों की स्मृति में कुल 18 विशेष पत्थर के शिलालेख लगाए जाएंगे। इन पर शहीदों के चित्र, नाम, ऐतिहासिक परिचय और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान का उल्लेख किया जाएगा। इसके अलावा परिसर में इंटरलॉकिंग एवं एक्सपोज्ड एग्रीगेट से पाथवे, हरित क्षेत्र, आकर्षक प्रवेश द्वार, बाउंड्रीवाल तथा आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि शौर्य स्थल शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक बनेगा। साथ ही युवाओं एवं विद्यार्थियों को वीर सपूतों के त्याग, साहस, बलिदान और देशसेवा के आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version