अयोध्या। कैंट थाना क्षेत्र के गद्दोपुर स्थित एफसीआई डिपो के पास मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। गेहूं लदे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के बारून चौकी अंतर्गत पहुपीपुर गांव निवासी नसीमा पत्नी शमीम खां अपने बेटे के साथ बाइक से कहीं जा रही थीं। जब वे एफसीआई कार्यालय के सामने पहुंचीं, तभी वहां से गुजर रहे ट्रक का पिछला पहिया महिला के ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक चला रहा बेटा सुरक्षित बच गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने एफसीआई गेट के बाहर ट्रकों की अव्यवस्थित पार्किंग और लगातार लगने वाले जाम को हादसे की बड़ी वजह बताया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रोजाना बड़ी संख्या में ट्रक सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे यहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार शिकायत के बावजूद यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
थानाध्यक्ष कैंट संदीप सिंह ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से महिला की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।