Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर साइपन पाइप न लगने से ग्रामीण परेशान, जलभराव से आवागमन बाधित; जल...

साइपन पाइप न लगने से ग्रामीण परेशान, जलभराव से आवागमन बाधित; जल जीवन मिशन की पानी की टंकी भी बदहाल

0

आलापुर, अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत ठेगीप्रतापपुर में साइपन पाइप न लगाए जाने के कारण बरसात का पानी खड़ंजे पर भर गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, गांव में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी की टंकी भी जलभराव की समस्या से जूझ रही है, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में बाधा उत्पन्न हो रही है।
गांव निवासी प्रकाश वर्मा, महेश वर्मा, यशवंत वर्मा, जंगीलाल वर्मा, नीरज वर्मा सहित दर्जनों ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के मोहित वर्मा की आपत्ति के कारण खड़ंजे के बीच साइपन पाइप नहीं लगाया जा सका। उनका कहना है कि पाइप न होने से बरसात का पानी खड़ंजे पर जमा हो जाता है, जिससे लोगों का पैदल और वाहन से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, जब साइपन पाइप लगाने के लिए खड़ंजे की खुदाई की जा रही थी, उसी दौरान मोहित वर्मा ने कार्य रुकवा दिया।
इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजकुमार राय ने बताया कि जिस स्थान पर ग्रामीण पाइप लगाने की मांग कर रहे हैं, वहां अभिलेखों में पांच कड़ी की नाली दर्ज है। इस संबंध में लेखपाल से वार्ता की गई है। नाली का सीमांकन कर एक-दो दिनों के भीतर साइपन पाइप लगवाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा और हित सर्वोपरि है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने यह भी बताया कि गांव में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी की टंकी भी बदहाल स्थिति में है। बरसात शुरू होने के बाद टंकी परिसर में जलभराव हो गया है, जिससे स्वच्छ पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि टंकी निर्माण के दौरान गुणवत्ता और मानकों का समुचित पालन नहीं किया गया, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण लगातार इस समस्या की शिकायत कर रहे हैं। मामले की जानकारी संबंधित उच्च अधिकारियों को दी जाएगी और जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई कराकर ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version