अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सोमवार को जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं और उपचार व्यवस्था की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने आयुष्मान रूम, लेबर रूम, वेटिंग एरिया, वार्ड, नवजात शिशु चिकित्सा इकाई (एसएनसीयू), आयुष्मान वार्ड, प्राइवेट वार्ड, पेयजल व्यवस्था और आपातकालीन निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने, मरीजों को समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने नवजात शिशु चिकित्सा इकाई और लेबर रूम की व्यवस्थाओं की विशेष रूप से समीक्षा की। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आपातकालीन निकासी व्यवस्था का भी निरीक्षण करते हुए सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर दिया।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेंद्र भटौरिया, अस्पताल अधीक्षक, चिकित्सक और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।