Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर झारखंड बाबा परिसर में डाक विभाग का विशेष जागरूकता कैंप आगामी दस...

झारखंड बाबा परिसर में डाक विभाग का विशेष जागरूकता कैंप आगामी दस सितंबर को

0
ayodhya samachar

जलालपुर अंबेडकर नगर। आमजन को डाक विभाग की बचत योजनाओं और आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की ओर से आगामी 10 सितंबर को झारखंड बाबा परिसर में विशेष जन-जागरूकता कैंप आयोजित किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ सुबह 10 बजे होगा। इसमें ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों को मौके पर ही विभिन्न बैंकिंग एवं बचत योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को सेवाओं से जोड़ा जाएगा।

कैंप में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के तहत आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के माध्यम से बायोमेट्रिक प्रक्रिया से न्यूनतम बैलेंस खाता खोलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा आधार सक्षम भुगतान प्रणाली के माध्यम से किसी भी बैंक खाते से आधार और अंगूठे के निशान के जरिए नकदी निकासी की सुविधा भी दी जाएगी।

शिविर में बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना तथा डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं की जानकारी और सुविधा उपलब्ध होगी। इनमें आवर्ती जमा, सावधि जमा , मासिक आय योजना, सार्वजनिक भविष्य निधि और किसान विकास पत्र प्रमुख हैं। इसके साथ ही डाक जीवन बीमा के तहत पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस और ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार कैंप में मोबाइल नंबर अपडेट कराने, विभिन्न बिलों के भुगतान तथा दुर्घटना बीमा जैसी सेवाओं का भी लाभ लिया जा सकेगा। विभाग ने ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

खाता खुलवाने अथवा किसी योजना का लाभ लेने के इच्छुक लोगों से आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने को कहा गया है। विभाग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित बचत के साथ डिजिटल बैंकिंग की सुविधाओं से जोड़ना है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version