◆ 36 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्वक आयोजित हुई परीक्षा, 44.38% रही उपस्थिति
अंबेडकर नगर। जनपद में आयोजित समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी प्रारंभिक परीक्षा का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन शनिवार को संपन्न हुआ। परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी, डॉ. ए. के. पब्लिक स्कूल समेत कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा कक्षों, निगरानी व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध एवं सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने रियल टाइम मॉनीटरिंग की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा, परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता सर्वोपरि है। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या कदाचार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा के दौरान तैनात सभी मजिस्ट्रेट निरंतर भ्रमणशील रहे तथा सभी गतिविधियों पर सतत निगरानी बनाए रखी। प्रशासन द्वारा की गई चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच जनपद के 36 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद में आयोजित इस परीक्षा में कुल 16,948 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 7,522 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इस प्रकार उपस्थिति 44.38 प्रतिशत रही, जबकि 9,426 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से कोई अवांछनीय या अनुचित गतिविधि की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासनिक सतर्कता और समन्वित प्रयासों की सफलता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।