अंबेडकर नगर। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में सीआइएसएफ कैंप में हुई फायरिंग में जिले के इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर एकसारा निवासी असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडेय शहीद हो गए। घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव की गलियां वीर सपूत की शहादत से गमगीन हैं। सबसे मार्मिक स्थिति यह है कि अंकित की बीमार मां को अभी तक बेटे की शहादत की जानकारी नहीं दी गई है। परिजन उनकी तबीयत को देखते हुए यह दुखद समाचार बताने से बच रहे हैं। मां अब भी बेटे के लौटने की आस लगाए बैठी हैं।
अंकित कुमार पांडेय ने सीआइएसएफ में उप निरीक्षक के पद से सेवा शुरू की थी। वर्ष 2021 में उनका चयन असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर हुआ। वर्तमान में वह कठुआ के बसोहली-माशका क्षेत्र स्थित सेवा-III जलविद्युत परियोजना की सुरक्षा में तैनात सीआइएसएफ यूनिट में कंपनी कमांडर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
जानकारी के अनुसार 29 सितंबर की शाम कैंप में किसी बात को लेकर विवाद के बाद हेड कांस्टेबल अभिदेश कुमार ने एके-47 से फायरिंग कर दी। घटना में अंकित समेत चार सीआइएसएफ कर्मियों की मौत हो गई। मृतकों में एसआइ लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल रफीक अहमद और कांस्टेबल संदीप कुमार भी शामिल हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीआइएसएफ ने भी कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं।