Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर दशहरे से पहले सड़कों की पैच मरम्मत पूरी करने के निर्देश, ओवरस्पीडिंग...

दशहरे से पहले सड़कों की पैच मरम्मत पूरी करने के निर्देश, ओवरस्पीडिंग पर होगी कार्रवाई

0

अंबेडकरनगर। जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में और कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है।
जिलाधिकारी ने एनएचएआई को सम्हरिया चौराहे के ट्रैंगल्स का सुंदरीकरण कराने तथा लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग को दशहरे से पहले प्रमुख मार्गों की पैच मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए। एआरटीओ को स्कूली वाहनों की फिटनेस लगातार दुरुस्त रखने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक को सभी विद्यालयों में स्कूल परिवहन सुरक्षा समिति गठित कराने के साथ आगामी बैठक से पहले कम से कम पांच विद्यालयों में पांच महिला परिचालकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने यातायात पुलिस व एआरटीओ को ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी कार्रवाई और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। वहीं पीडब्ल्यूडी को प्रमुख मार्गों पर निर्धारित गति सीमा के बोर्ड लगाने को कहा गया।
बैठक में एआरटीओ ने विभिन्न प्रमुख मार्गों की निर्धारित गति सीमा की जानकारी दी। अधिकांश चिन्हित मार्गों पर दो व तीन पहिया वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 40 किमी प्रति घंटा, सात सीट तक एवं 8 से 12 सीट वाले यात्री वाहनों के लिए 60 किमी और अन्य वाहनों के लिए 50 किमी प्रति घंटा निर्धारित होने की जानकारी दी गई। बैठक में एएसपी पश्चिम समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version