◆ सेवा संकल्प अभियान और शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों की हुई समीक्षा
अंबेडकरनगर। भाजपा के नवनियुक्त जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव के प्रथम जनपद आगमन पर गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिले की सीमा यादव नगर से लेकर जिला कार्यालय अटल भवन तक जगह-जगह जोरदार स्वागत किया। जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं से जिला प्रभारी का अभिनंदन किया।
जनपद पहुंचने पर अवधेश श्रीवास्तव ने प्रसिद्ध शिव बाबा मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद पुरानी तहसील के निकट भाजपा जिला उपाध्यक्ष विवेक मौर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पटेल नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर जिला प्रभारी ने माल्यार्पण कर नमन किया।
भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन पहुंचने पर जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला प्रभारी का भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें 51 किलो की माला पहनाई गई। साथ ही स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया गया।
स्वागत समारोह के बाद जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिला प्रभारी ने पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त करने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। बैठक में आगामी शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला प्रभारी अवधेश श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय पर निर्भर करती है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा और जनकल्याण के कार्यों को पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने जिला प्रभारी का स्वागत करते हुए कहा कि अवधेश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जिले में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ जुटेंगे। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में सेवा और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम व्यापक स्तर पर संचालित किए जा रहे हैं। शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर भी कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता से जुटने का आह्वान किया। संचालन डॉ. विनोद कुमार ने किया।
इस अवसर पर एमएलसी डॉ. हरिओम पाण्डेय, विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा साधू, प्रकोष्ठ संकुल प्रदेश सह संयोजक डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, कपिल देव वर्मा, राम प्रकाश यादव, ज्ञान सागर सिंह, यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, त्रिवेणी राम, जय राम विमल, अनीता कमल, संजय सिंह, आनंद वर्मा, गौरव सिंह, अनिल वर्मा मौसम, मनोज मिश्र, पंकज वर्मा, रफत एजाज, बाबा राम शब्द यादव, विमलेंद्र प्रताप सिंह मोनू, बाल्मीकि उपाध्याय, विनय पाण्डेय, अखंड प्रताप वर्मा, उमाशंकर शुक्ला, आकाश वर्मा, अभिषेक निषाद, अमित सिंह, केके मिश्र, मीरा पाण्डेय, सुरेश कन्नौजिया, रमेश चंद्र गुप्ता, दशरथ यादव, गिरीश चंद्र वर्मा, राजकुमार सेठ, मनोज गुप्ता, जावेद मलिक, शिव पूजन राजभर, अंजू पाण्डेय और संतोष सिंह बबलू समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।