अंबेडकर नगर। विश्व प्रदूषण रोकथाम दिवस के अवसर पर वन प्रभाग एवं जिला पर्यावरण समिति के संयुक्त तत्वावधान में आरएनएस इंटरनेशनल स्कूल, भियांव में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बढ़ते प्रदूषण के दुष्प्रभावों पर जनमानस को सचेत करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देना रहा। अधिकारियों ने कहा कि वायु, जल और भूमि प्रदूषण आज विश्वव्यापी समस्या का रूप ले चुका है, जिसके समाधान में आम जन की सक्रिय भागीदारी अपरिहार्य है। लोगों को प्लास्टिक मुक्त वातावरण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग तथा पर्यावरण–हितैषी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को पर्यावरण शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने प्रदूषण रोकथाम, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और प्लास्टिक उपयोग में कमी लाने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की जागरूकता और सहभागिता से ही संभव है। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने ‘स्वच्छ पर्यावरण–स्वस्थ भविष्य’ संदेश के साथ अपना समर्थन दर्ज कराया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय वनाधिकारी जलालपुर स्नेह कुमार, वन दरोगा सुनील चौधरी, वन रक्षक श्याम नारायण यादव एवं बृजेश कुमार यादव, मुख्य वक्ता राजेंद्र यादव , स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर दीपक सिंह सहित विभागीय कर्मचारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।