◆ कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें, खेतों में जल निकासी की करें व्यवस्था
अम्बेडकरनगर। मौसम विभाग ने जिले में 29 और 30 अक्टूबर को भारी वर्षा, मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने किसानों से सतर्कता बरतने और फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने की अपील की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग और प्रादेशिक मौसम केंद्र, लखनऊ की चेतावनी के मद्देनजर किसानों को खेतों में कटी धान व अन्य फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने और तिरपाल से ढकने की सलाह दी गई है। कटाई व मड़ाई के कार्य में मौसम का विशेष ध्यान रखने तथा तेज हवा और बारिश की आशंका के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने किसानों से फसलों को जलभराव से बचाने के लिए खेतों और नालियों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की अपील की है। तेज हवाओं से खड़ी फसलों के गिरने की आशंका को देखते हुए अनावश्यक सिंचाई नहीं करने और मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है।