जलालपुर, अंबेडकर नगर। वैशाख शुक्ल तृतीया के पावन अवसर पर भगवान परशुराम जयंती नगर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। यह पर्व भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम जी के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है, जिन्हें अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष तथा धर्म की स्थापना के प्रतीक के रूप में जाना जाता है।
इस अवसर पर पूर्व नगर अध्यक्ष देवेश मिश्रा की अध्यक्षता में नगर कैंप कार्यालय के बगल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को याद करते हुए समाज में फैले अन्याय और अत्याचार को समाप्त करने तथा धर्म की स्थापना के लिए संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भगवान परशुराम ने अत्याचारी शासकों का अंत कर समाज में न्याय और धर्म की स्थापना की थी। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हमें भी समाज में अच्छाई और न्याय के लिए कार्य करना चाहिए।
इस मौके पर गौरव, शशिकांत, मनोज, ऋषभ, नीरज तिवारी, नीरज पांडे, छोटू, मानिकचंद, अभिनव, विक्की, अरविंद सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।