Home Uncategorized बिजली कनेक्शन की जांच करने पहुंचे जेई से विवाद, जेई की तहरीर...

बिजली कनेक्शन की जांच करने पहुंचे जेई से विवाद, जेई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के पक्खनपुर बिछैला गांव में मंगलवार की देर रात बिजली कनेक्शन की जांच करने पहुंचे अवर अभियंता (जेई) और उपभोक्ता के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने की बात सामने आई है। घटना में दोनों पक्षों के लोगों के चोटिल होने की चर्चा है। पुलिस ने जेई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी बहादुर गौड़ ने बिजली कनेक्शन ले रखा है। बताया जाता है कि वह कनेक्शन से गेहूं पिसाई आदि का काम करते हैं। उनके पास सोलर पैनल और इंजन की भी व्यवस्था है। मंगलवार रात करीब एक बजे नेवादा फीडर के अवर अभियंता अपने चालक के साथ चार पहिया वाहन से कनेक्शन की जांच करने गांव पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर बहादुर गौड़ से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

घटना के दौरान जेई का चालक मौके से चला गया। सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और बहादुर गौड़ व उनके दो पुत्रों को थाने ले गई। बाद में जेई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।

इधर, घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब दोनों पक्षों के चोटिल होने की बात सामने आ रही है तो नियमानुसार दोनों पक्षों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाना चाहिए था। एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किए जाने को लेकर भी लोगों में नाराजगी बताई जा रही है।

ग्रामीणों के बीच रात करीब एक बजे बिजली कनेक्शन की जांच के लिए पहुंचने को लेकर भी चर्चा है। उनका कहना है कि देर रात जांच के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस बल साथ होना चाहिए था।

इस संबंध में जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद से जानकारी लेने के लिए फोन किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। पुलिस की ओर से मामले में फिलहाल कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version