Home Uncategorized व्यापारियों को उजाड़कर विकास मंजूर नहीं: मुकुंद मिश्रा

व्यापारियों को उजाड़कर विकास मंजूर नहीं: मुकुंद मिश्रा

0

◆ व्यापार मंडल की बैठक में अयोध्या के विकास, कानून–व्यवस्था और UPI पर रखी बात


अयोध्या। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा संगठन विस्तार बैठक में शामिल होने अयोध्या पहुंचे। बैठक में दिवंगत व्यापारी नेता नंदू गुप्ता को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य सुनील पांडे और युवा प्रदेश महामंत्री संत मिश्रा भी मौजूद रहे।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुकुंद मिश्रा ने अयोध्या के विकास, प्रदेश की कानून-व्यवस्था, समाजवादी पार्टी के पीडीए फॉर्मूले और डिजिटल लेनदेन पर लगने वाले एमडीआर शुल्क समेत विभिन्न मुद्दों पर संगठन का पक्ष रखा।

अयोध्या में चल रही विकास योजनाओं के संबंध में उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल विकास का विरोधी नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर व्यापारियों को उजाड़ना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है, लेकिन पहले प्रभावित व्यापारियों के पुनर्वास की व्यवस्था होनी चाहिए और उसके बाद चौड़ीकरण किया जाए।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की तुलना बिहार से की जाती थी, जबकि अब देश में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का उदाहरण दिया जाता है।

समाजवादी पार्टी के पीडीए फॉर्मूले पर उन्होंने कहा कि व्यापार को जातिगत आधार पर बांटना उचित नहीं है। उनके मुताबिक फुटपाथ पर काम करने वाला मोची हो या शोरूम संचालक, दोनों व्यापारी हैं। उन्होंने कहा कि नाई, मोची और हलवाई समेत सभी कारोबारी एक ही व्यापारी समुदाय का हिस्सा हैं और व्यापार में जातिगत विभाजन स्वीकार नहीं किया जा सकता।


UPI पर MDR के विरोध की रणनीति बनेगी


UPI लेनदेन पर एमडीआर शुल्क लगाए जाने की संभावित व्यवस्था के विरोध में मुकुंद मिश्रा ने आंदोलन की रणनीति बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया और अब शुल्क लगाने से उन्हें दोबारा नकद लेनदेन की ओर जाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

उन्होंने बताया कि चार तारीख को शाम चार बजे 29 राज्यों के व्यापारिक संगठनों की ऑनलाइन बैठक होगी। इसमें एमडीआर के मुद्दे पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारियों को कर देने से आपत्ति नहीं है, लेकिन अधिकारियों की ओर से उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। उन्होंने व्यापारियों को आयुष्मान जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिए जाने की भी मांग की।

बैठक में जिलाध्यक्ष कविंद साहनी, महामंत्री रमेश चौरसिया, अश्वनी तिवारी (लालू), महानगर मंत्री प्रेमनाथ राय, दिग्विजय नाथ पांडे, युवा जिलाध्यक्ष सौरभ सरीन, अंकित जैन, नगर अध्यक्ष सुनील जायसवाल, उपाध्यक्ष रामेंद्र मोहन मिश्रा, अंकित चौधरी, प्रमोद कुमार वर्मा, अनुपम पांडे, यतींद्र मिश्रा, पुरुषोत्तम आचार्य, विनय पांडे, राजू जायसवाल, अरुण कुमार साहू, आईटी सेल जिलाध्यक्ष मानव मेहरोत्रा समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल की अगली प्रदेश स्तरीय व्यापारी महाबैठक सात तारीख को इटावा में आयोजित की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version