Home Uncategorized धमरूआ में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण

धमरूआ में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण

0

अम्बेडकर नगर। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत विद्युत वितरण खंड अकबरपुर अंतर्गत धमरूआ में नवनिर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का रविवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। इस उपकेंद्र के शुरू होने से जाफरगंज व धमरूआ क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।

लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य रूप से एमएलसी हरिओम पांडेय, पूर्व सांसद रितेश पांडेय तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामसुंदर वर्मा ‘साधु वर्मा’ उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से उपकेंद्र का उद्घाटन करते हुए इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इस उपकेंद्र के चालू होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बेहतर होगी और लो वोल्टेज व बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिलेगी।

कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता रजनीश श्रीवास्तव, अधिशाषी अभियंता प्रेमचंद, अवर अभियंता अंकित राज व सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि उपकेंद्र के संचालन से धमरूआ, सलाहपुर, गोवावा जमालपुर, बीबीपुर भूसौली, मालीपुर, खालिसपुर, मैरवा, सिकंदरपुर, बरौली आसानंदपुर, हमाजपुर, रामपुर दुबे, नेमपुर, महेशपुर, तेंदुआ, इटौरी, बीबीपुर, थट्टा व दिघी समेत आसपास के कई गांवों के करीब 3500 उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।

अधिकारियों के अनुसार, नए उपकेंद्र के शुरू होने से विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा और क्षेत्र में निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए बेहतर बिजली व्यवस्था की उम्मीद जताई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version