Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या युवतियां बनें परिवर्तन की नेतृत्वकर्ता, सशक्त नारी से ही बनेगा सशक्त राष्ट्र

युवतियां बनें परिवर्तन की नेतृत्वकर्ता, सशक्त नारी से ही बनेगा सशक्त राष्ट्र

0

अयोध्या। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कुमारगंज की ओर से स्वर्गीय बाबू इंद्र बहादुर सिंह स्मारक महाविद्यालय, अमानीगंज में ‘क्षितिजा-आंगन से अंतरिक्ष तक’ युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में युवतियों ने आत्मनिर्भरता, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य कंचन पासवान, मुख्य वक्ता पूर्व प्रांत छात्रा प्रमुख डॉ. मोनिका परमार, प्रांत प्रवासी श्रेया शुक्ला और जिला छात्रा प्रमुख रिया सिंह ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि कंचन पासवान ने कहा कि युवतियां केवल दर्शक नहीं, बल्कि परिवर्तन की नेतृत्वकर्ता बनें। परिवार में संस्कार और समाज में नेतृत्व, दोनों क्षेत्रों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। युवतियां समाज का भविष्य होने के साथ वर्तमान को दिशा देने वाली शक्ति भी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए न कर जागरूकता, रचनात्मकता और समाजहित के कार्यों के लिए करने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता डॉ. मोनिका परमार ने कहा कि आज की युवतियों को अपनी प्रतिभा, क्षमता और नेतृत्व का उपयोग समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए करना चाहिए। शिक्षा के साथ आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता विकसित करना समय की आवश्यकता है।

प्रांत प्रवासी श्रेया शुक्ला ने कहा कि युवतियां शिक्षा के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्हें अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना होगा।

जिला छात्रा प्रमुख रिया सिंह ने कहा कि सम्मेलन में युवतियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता यह दर्शाती है कि युवा पीढ़ी समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को लेकर सजग है। युवतियों की ऊर्जा, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को सकारात्मक दिशा देकर सशक्त समाज और राष्ट्र की मजबूत नींव तैयार की जा सकती है।

इस अवसर पर विधायक मिल्कीपुर चंद्रभानु पासवान, डॉ. अमित मिश्र, सुनील सिंह बंटी, डॉ. राजेश पांडेय, शशांक विद्यार्थी, गौरव सिंह, अमन पांडेय, आशुतोष सिंह, अभिषेक सिंह, विराट सिंह, हेमंत शुक्ला, आयुष मिश्र, सम्राट सिंह, अंशुमान सिंह और भवांशु सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version