अयोध्या। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह मंगलवार को अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने परिसीमन की प्रक्रिया को भाजपा का फ्रॉड बताया।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन के जरिए चुनावी सीटों का गणित अपने पक्ष में करना चाहती है। वह ऐसा परिसीमन चाहती है, जिससे पूरे देश में केवल उसके उम्मीदवार जीत सकें। उन्होंने असम का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एक लोकसभा क्षेत्र में 26 लाख मतदाता हैं, जबकि दूसरे क्षेत्र में 12 लाख मतदाता हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में भी इसी तरह परिसीमन किए जाने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा अब इसी मॉडल को पूरे देश में लागू करना चाहती है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक वर्ष 2023 में सर्वसम्मति से पारित हो चुका है। मोदी सरकार चाहे तो बिना देरी किए लोकसभा, विधानसभा और राज्यसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दे सकती है।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि बैठक में क्या निर्णय हुआ, इसकी जानकारी संबंधित दलों के नेता ही दे सकते हैं। उन्होंने गठबंधन के मुद्दे पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।