अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य एक है। भाजपा को सत्ता से हटाना और अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी।
अयोध्या पहुंचे शिवपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भगवान राम ने पहले भी समाजवादी पार्टी को जीत दिलाई है। पवन पांडेय को जीत दिलाई और 2024 में अवधेश प्रसाद की भी जीत हुई। उन्होंने कहा कि 2027 में भी राम ही सपा को जिताएंगे। प्रदेश में निश्चित रूप से समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है।
गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन जारी रहेगा। दोनों मिलकर 2027 का चुनाव जीतेंगे। ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन से सपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। आजम खान के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में उनका बड़ा सम्मान है। उनके सम्मान के अनुरूप ही उन्हें पद दिया जाएगा।
अयोध्या में कथित घोटालों पर शिवपाल यादव ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा सरकार बनने पर अयोध्या के सभी घोटालों की जांच कराई जाएगी। इसमें भूमि घोटाले, नजूल जमीन और सरयू नदी के चरित्र को बिगाड़ने से जुड़े मामले शामिल होंगे। उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी को बड़ा अपराध बताते हुए इसकी जांच और कार्रवाई की बात कही।
इससे पहले अयोध्या पहुंचने पर शिवपाल यादव का समाजवादी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से मऊ शिवाला तक स्वागत का सिलसिला चला। भदरसा में जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद राशिद और धर्मवीर वर्मा के नेतृत्व में 21 किलो की माला पहनाई गई। कुमारगंज में नगर पंचायत अध्यक्ष विकास सिंह छोटू और विद्याभूषण पासी के नेतृत्व में 51 किलो की माला से स्वागत हुआ।
सेवरा मोड़ पर पिंटू यादव, राम कुमार यादव और लालू यादव, मीठेगांव टोल प्लाजा पर रामसागर वर्मा तथा नौवां कुआं पर पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अभिनंदन किया। अमौना में राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप, रानी बाजार में हाजी फिरोज खान गब्बर और प्रभात नगर में हरिशंकर यादव छोटू ने समर्थकों के साथ स्वागत किया।
मऊ शिवाला में पूर्व मंत्री तेज नारायण पवन पांडेय के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। नवीन मंडी ओवरब्रिज पर मुकेश यादव प्रधान, दिशा कोचिंग के पास महिला सभा जिलाध्यक्ष सरोज यादव और केटी पब्लिक स्कूल के पास अधिवक्ता सभा जिलाध्यक्ष रामकरण यादव के नेतृत्व में भी स्वागत किया गया।
शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियां पहुंचाने की अपील की।