अयोध्या। उत्तर प्रदेश शासन की ‘आयुष आपके द्वार’ योजना के तहत राजकीय डॉ. बृज किशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, देवकाली द्वारा कैंटोनमेंट क्षेत्र स्थित ब्रिगेड कमांड के वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर में होम्योपैथिक ओपीडी का शुभारंभ किया गया। पहले दिन 30 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य सैनिकों एवं उनके परिवारजनों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस दौरान उपस्थित लोगों को होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के संबंध में जानकारी भी दी गई।
ओपीडी का संचालन मेडिकल ऑफिसर डॉ. रिचा पांडे एवं इंटर्न कविता यादव द्वारा किया गया। परीक्षण के उपरांत मरीजों को आवश्यक होम्योपैथिक औषधियां वितरित की गईं।
कार्यक्रम में प्रोफेसर डॉ. चंद्रशेखर यादव, डॉ. विकास मिश्रा सहित महाविद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन में फार्मेसी विभाग एवं कर्मचारियों ने भी सहयोग प्रदान किया।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह होम्योपैथिक ओपीडी प्रत्येक मंगलवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार भविष्य में इसकी सेवाओं का विस्तार भी किया जा सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित सैनिकों एवं उनके परिवारजनों ने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर संतोष व्यक्त किया।