Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या नाका स्थित आबकारी गोदाम परिसर की झाडियों में लगी आग

नाका स्थित आबकारी गोदाम परिसर की झाडियों में लगी आग

0

अयोध्या। शहर के नाका चुंगी स्थित आबकारी विभाग के गोदाम परिसर में मंगलवार दोपहर अज्ञात कारणों से झाड़ियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और गोदाम में रखी शराब की खेप सुरक्षित रही।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों के अनुसार, परिसर की झाड़ियों से अचानक धुआं उठता देख हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने तत्काल आबकारी के अधिकारियों और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।

दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे की लगातार कोशिश के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया गया।

जिला आबकारी अधिकारी सुरेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि नाका चुंगी में आबकारी विभाग के तीन गोदाम संचालित हैं। जिस परिसर में आग लगी, वहां लॉडर्स डिस्टलरी लिमिटेड (CL-2) और रेडिको खैतान लिमिटेड का देशी शराब गोदाम स्थित है। उन्होंने बताया कि आग केवल झाड़ियों तक सीमित रही और समय रहते बुझा ली गई, जिससे गोदाम और उसमें रखा स्टॉक पूरी तरह सुरक्षित है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version