Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर ट्यूबवेल पर बुजुर्ग की हत्या का नहीं हुआ खुलासा, पुलिस के लिए...

ट्यूबवेल पर बुजुर्ग की हत्या का नहीं हुआ खुलासा, पुलिस के लिए बनी चुनौती

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अंबेडकर नगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के बड़ेपुर मुस्काबाद गांव में ट्यूबवेल पर सो रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले में कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। घटना का खुलासा कर हत्यारोपियों तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच करने का दावा कर रही है, लेकिन अभी तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।

विदित हो कि बीते 18 जुलाई को बड़ेपुर मुस्काबाद गांव निवासी राधेश्याम प्रजापति गांव के बाहर स्थित अपने खेत में बने ट्यूबवेल पर रहते थे। वह वहीं कुल्हड़ बनाने के साथ ही झाड़-फूंक का कार्य भी करते थे। घटना की रात करीब साढ़े नौ बजे उनका छोटा पौत्र खाना लेकर ट्यूबवेल पर पहुंचा। वहां राधेश्याम को खून से लथपथ हालत में देखकर उसके होश उड़ गए। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने हत्या के खुलासे के लिए जांच शुरू की और कई लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस हत्यारोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। मामले का खुलासा न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। सूत्रों की मानें तो हत्या के पीछे किसी करीबी का हाथ होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। ऐसे में पुलिस के सामने मामले की गुत्थी सुलझाना बड़ी चुनौती बन गया है।

फिलहाल सम्मनपुर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच-पड़ताल में जुटी है। थाना अध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version