Home Uncategorized सड़क दुर्घटना में घायल पीआरडी जवान की इलाज के दौरान मौत, परिवार...

सड़क दुर्घटना में घायल पीआरडी जवान की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र में ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे एक पीआरडी जवान की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के बसिया गांव निवासी रामअनुज यादव (55) पुत्र स्व. रामहित यादव पीआरडी जवान के पद पर तैनात थे। बीते 22 जुलाई की शाम तहसील में ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद भी उनकी हालत गंभीर बनी रही। अगले दिन परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें आजमगढ़ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रामअनुज यादव अपने पीछे तीन पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों के अनुसार, उनके दो बच्चों का विवाह अभी शेष है। परिवार की आजीविका का मुख्य आधार होने के कारण उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और आर्थिक संकट भी गहरा गया है।

घटना की सूचना पर जलालपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पीआरडी जवान की मौत को सुनकर पीआरडी आशीष श्रीवास्तव, सुनील यादव, मुन्नर, घनश्याम, नागेंद्र, सुशीला, वीरेंद्र, राजेंद्र आदि ने मृतक के घर पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त किया।

कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल पीआरडी जवान की उपचार के दौरान मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version