जलालपुर अम्बेडकर नगर। अम्बेडकरनगर और सुल्तानपुर जनपद की सीमा पर सोमवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया जब नदी में दर्जनों गोवंशों के अवशेष पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों जिलों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई। जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर थाना क्षेत्र व अम्बेडकरनगर जनपद के मालीपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित सुरहुरपुर पुल के नीचे नदी में बोरे में भरे हुए चमड़े, सिर सहित अन्य गोवंश अवशेष मिले। यह दृश्य देखकर आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
मामले की सूचना राष्ट्रीय हिंदू वाहिनी के प्रदेश सचिव अंकित यादव ने मालीपुर थाना प्रभारी स्वतंत्र कुमार मौर्य को दी। सूचना मिलते ही मालीपुर और अखंडनगर पुलिस संयुक्त रूप से मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी से अवशेष निकलवाए। साथ ही जेसीबी मशीन की सहायता से सैंपलिंग कर अवशेषों को गड्ढे में दफनाने की कार्यवाही शुरू की गई। ग्रामीणों का कहना है कि शासन की सख्त कार्रवाई के बावजूद भी गोवध पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है। वहीं यह रहस्य बना हुआ है कि ये अवशेष अम्बेडकरनगर क्षेत्र से लाए गए या सुल्तानपुर से फेंके गए। मालीपुर थाना प्रभारी स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि यह अवशेष कहां से आए और किसके हैं, इसकी जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।