◆ मरीजों से सीधे संवाद कर जानी व्यवस्थाओं की हकीकत, उड़न दस्ता करेगा कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच
अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुण्डे ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी वार्डों को देखा। उन्होंने मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की वास्तविक स्थिति को परखा। सेफ्टिक वार्ड में गंदगी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त किया। कहा कि स्वास्थ्य सेवा सबसे बुनियादी जरूरत है और यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिये कि कोई भी मरीज बिना इलाज के न लौटे, संवेदना के साथ सभी मरीजों को प्राथमिकता दी जाय। कैश काउंटर पर नगद लेन-देन के साथ डिजिटल पेमेंट की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान भर्ती मरीजों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी लिया। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, ओपीडी का समय, मरीजों के लिए स्ट्रेचर/व्हीलचेयर की उपलब्धता, बैठने की व्यवस्था, पेयजल व साफ सफाई की व्यवस्था को देखा। चर्मरोग, जनरल वार्ड, जच्चा बच्चा वार्ड, ब्लड बैंक सहित आउटडोर और इनडोर सेवाओं का निरीक्षण किया।
