Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर नकली दवाओं की पैकेजिंग का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

नकली दवाओं की पैकेजिंग का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

0

◆ भारी मात्रा में रैपर, लेबल, खाली डिब्बियां, बोतलें व पैकेजिंग सामग्री बरामद


अंबेडकर नगर। नकली एवं डुप्लीकेट आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक औषधियों के निर्माण, पैकेजिंग और अवैध आपूर्ति के खिलाफ जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के समक्ष प्राप्त शिकायत के बाद प्रशासन, पुलिस तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मंगलवार को जैतपुर थाना क्षेत्र के गोपरीचांदपुर गांव में एक मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कथित नकली दवाओं की पैकेजिंग और भंडारण में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद हुई।

जांच के दौरान मकान से विभिन्न औषधियों के रैपर व लेबल, खाली डिब्बियां, बोतलें, होलोग्राम, श्रिंक पैकिंग सामग्री समेत अन्य पैकेजिंग उपकरण बरामद किए गए। बरामद सामग्री में योगीराज ब्रांड की विभिन्न औषधियों, न्यू आर्थो पावर होम्योपैथिक उत्पादों तथा अन्य कंपनियों के नाम से संबंधित लेबल और पैकेजिंग सामग्री शामिल बताई गई है। बड़ी संख्या में बिना लेबल की डिब्बियां भी मिलीं।

प्रारंभिक पूछताछ में मकान स्वामी ने बरामद सामग्री को अन्य जनपदों से जुड़े लोगों के माध्यम से प्राप्त करने तथा उसके भंडारण, पैकेजिंग और बिक्री किए जाने की जानकारी दी। मामले में आजमगढ़ जनपद से जुड़े लोगों के संबंध में भी प्रशासन को जानकारी मिली है, जिसके बाद वहां के अधिकारियों को सूचित कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, अंबेडकरनगर की तहरीर पर मकान स्वामी शिवम पांडेय पुत्र रमा शंकर पांडेय निवासी गोपरीचांदपुर, जैतपुर सहित शिव चतुर्वेदी निवासी चौबुलिया, अहरौला, आजमगढ़, हरिलाल पांडेय निवासी ऊसर कुड़वा के पास महराजगंज, आजमगढ़ तथा उत्तम चतुर्वेदी निवासी चौबुलिया, अहरौला, आजमगढ़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की धारा 33-आई के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

छापेमारी के दौरान मौके से कमला पसंद के आठ डिब्बे भी मिले। उनका नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि मामले में आरोपी शिवम पांडेय को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version