आलापुर, अंबेडकर नगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर गांव के निकट शनिवार की रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार मामूली रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान हिछनापुर किन्नूपुर गांव निवासी विजय उर्फ नन्हे यादव (35) पुत्र सीताराम के रूप में हुई। वहीं, घायल की पहचान शहाबुद्दीनपुर निवासी जनार्दन पुत्र स्वर्गीय जयराम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि विजय गिरैयाबाजार की तरफ से अपने घर लौट रहे थे, जबकि दूसरा बाइक सवार देवरियाबाजार की ओर से आ रहा था। इसी दौरान गिरैयाबाजार-देवरियाबाजार मुख्य मार्ग पर दोनों की बाइकें टकरा गईं।
हादसे में विजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और दो छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।