अयोध्या। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के हैदरगंज मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। कौशिकी श्रीवास्तव की तहरीर पर पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर के अनुसार, 11 सितंबर की रात करीब 9:45 बजे कौशिकी अपने घर के आंगन में परिवार के साथ मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान अनिल विद्यार्थी अपने परिजनों और अन्य सहयोगियों के साथ लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर लेकर घर में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कौशिकी, उनकी बहन और पिता के साथ मारपीट की।
शोर सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। घटना में परिवार के सदस्यों को चोटें आने की बात तहरीर में कही गई है।
पुलिस ने 14 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 115(2), 110 और 333 के तहत कार्रवाई की गई है।
मुकदमे में अनिल विद्यार्थी, हर्ष विद्यार्थी, पिंकी विद्यार्थी, विक्की शर्मा, अम्बुज गुप्ता, विष्णु विद्यार्थी, दिव्यांशु उर्फ देव, प्रिया विद्यार्थी, काजल विद्यार्थी, सार्थक विद्यार्थी और जय प्रताप विद्यार्थी को नामजद किया गया है।
विवेचना सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार त्रिपाठी को सौंपी गई है। पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।