Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या मां सरयू के घाटों पर चला स्वच्छता अभियान, महापौर की अगुवाई में...

मां सरयू के घाटों पर चला स्वच्छता अभियान, महापौर की अगुवाई में लोगों ने किया श्रमदान

0

◆ संतों-महंतों, सामाजिक संगठनों, महिलाओं और विद्यार्थियों ने सफाई अभियान में लिया हिस्सा


अयोध्या। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को नगर निगम की ओर से मां सरयू स्वच्छता महाभियान का आयोजन किया गया। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी की अगुवाई में आयोजित अभियान में संतों-महंतों, तीर्थ पुरोहितों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं और छात्र-छात्राओं ने भागीदारी कर सरयू के घाटों की सफाई की।

सुबह आठ बजे से सरयू तट पर शुरू हुआ सफाई अभियान पूर्वी छोर के झुनकीघाट से लेकर पश्चिमी छोर पर स्थित चौधरी चरण सिंह घाट तक चलाया गया। अभियान में शामिल लोगों ने हाथों में दस्ताने पहनकर घाटों पर फैले कचरे और अपशिष्ट को एकत्र किया। नगर निगम की टीम ने एकत्रित कचरे का निस्तारण कराया। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने अभियान की निगरानी की।

महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि मां सरयू अयोध्या की जीवनरेखा होने के साथ ही करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं। उनकी स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक अयोध्यावासी का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि नगर निगम की ओर से सप्ताह भर से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान का समापन सरयू तट पर आयोजित महाभियान के साथ हुआ। अभियान में विभिन्न वर्गों के लोगों ने श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इसे सफल बनाने में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भरत भार्गव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रम्मानी शुक्ला, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र नाथ कुमार समेत नगर निगम की टीम की भूमिका रही।

अभियान में उपसभापति संतोष सिंह, भाजपा पार्षद दल के नेता बृजेंद्र सिंह, पार्षद दीपकुमार, सौरभ सूर्यवंशी, विनय जायसवाल, किशन मौर्य, हरिश्चंद्र अग्रहरि, सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, रवि कुमार, अनीता द्विवेदी, प्रियेश दास, धर्मेंद्र मिश्र, अनिकेत यादव, सुनील यादव, अजय पांडेय, साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य दानपति तिवारी, रघुवर संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य केहर सिंह, तीर्थ पुरोहित समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश महाराज, सहित अन्य लोग शामिल रहे। महाराजा इंटर कॉलेज, शिवदयाल जायसवाल इंटर कॉलेज, उदय पब्लिक स्कूल और महाराजा पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी अभियान में भागीदारी की। विद्यार्थियों ने स्वच्छता संबंधी होर्डिंग और बैनर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version