जलालपुर अम्बेडकर नगर। तमसा नदी की धारा को सुरक्षित रखने और गंगा नदी गाइडलाइन के अनुरूप सौ मीटर क्षेत्र में निर्माण कार्य पर रोक के बावजूद वाजिदपुर क्षेत्र में अवैध निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। नगर पालिका परिषद जलालपुर के अतिक्रमण प्रभारी रमाकांत चौबे की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अतिक्रमण प्रभारी ने बताया कि तहसील प्रशासन व राजस्व विभाग की आख्या पर कई बार नोटिस व चेतावनी दिए जाने के बाद भी आरोपी निर्माण कार्य जारी रखे हुए थे। आरोपियों में वाजिदपुर निवासी सिरातुन्निसा पत्नी हेलाल अहमद, नाजनीन पत्नी मोहम्मद हाशमी, महमूद आलम पुत्र इदरीस और गुड्डू पुत्र शकील शामिल हैं।
शिकायत में कहा गया है कि तमसा नदी के सौ मीटर दायरे में हो रहे अवैध भवन निर्माण से पर्यावरणीय असंतुलन और जनहित को क्षति पहुँच रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी कोतवाल हीरालाल यादव ने पुष्टि करते हुए बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।