Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या राजकीय इंटर कॉलेज में बनेगा इंडोर मिनी स्टेडियम

राजकीय इंटर कॉलेज में बनेगा इंडोर मिनी स्टेडियम

0

अयोध्या। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में जल्द ही अत्याधुनिक इंडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग की इस परियोजना पर लगभग 4.92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य सीएंडडीएस और उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा कराया जाएगा।

परियोजना के तहत मल्टी स्पोर्ट्स इंडोर हॉल के साथ आंतरिक एवं बाहरी प्लंबिंग, सेनेटरी, सीवरेज, विद्युतीकरण और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। विभाग ने निर्माण कार्य पूरा करने के लिए एक वर्ष का लक्ष्य निर्धारित किया है।

विभागीय जानकारी के अनुसार 20 जनवरी 2026 तक परियोजना के लिए 2.16 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। हालांकि कार्यस्थल पर मौजूद पुराने और जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हो सका है। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

इंडोर स्टेडियम बनने के बाद छात्रों को बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल जैसी खेल गतिविधियों के अभ्यास की सुविधा मिलेगी। इससे वर्षा और सर्दी के मौसम में भी प्रशिक्षण प्रभावित नहीं होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ पवन कुमार तिवारी ने बताया कि ध्वस्तीकरण कार्य पूरा होते ही निर्माण प्रक्रिया तेज की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्टेडियम बनने से अयोध्या और आसपास के छात्र-खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version